थाना कपूरपुर पुलिस की महाराणा प्रताप जयंती पर जागरूकता को लेकर डिजिटल पहल
थाना कपूरपुर पुलिस ने डिजिटल अभियान से लोगों को किया जागरूक

थाना कपूरपुर पुलिस की महाराणा प्रताप जयंती पर जागरूकता को लेकर डिजिटल पहल
– थाना कपूरपुर पुलिस ने डिजिटल अभियान से लोगों को किया जागरूक
– ड्रोन कैमरों से होगी शोभायात्रा और जुलूस की निगरानी
– भड़काऊ पोस्ट, हथियार प्रदर्शन और अराजकता पर सख्त कार्रवाई
कपूरपुर। महाराणा प्रताप जयंती को लेकर थाना कपूरपुर पुलिस ने इस बार सख्त और हाईटेक रणनीति अपनाई है। पुलिस ने डिजिटल अभियान चलाकर साफ चेतावनी दी है कि शोभायात्रा, रैली और जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता, हुड़दंग, हथियार प्रदर्शन या सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ तुरंत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
थाना कपूरपुर पुलिस की ओर से जारी डिजिटल पोस्टर में नौ मई को आयोजित कार्यक्रमों के दौरान शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि पूरे क्षेत्र की निगरानी ड्रोन कैमरों से की जाएगी। पुलिस ने लोगों को चेताया है कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने, अफवाह फैलाने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों को किसी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा। पुलिस ने बिना प्रशासनिक अनुमति किसी भी गैरपारंपरिक आयोजन पर रोक लगाने की भी चेतावनी दी है। शोभायात्रा और जुलूस के दौरान हथियार लेकर चलने, स्टंटबाजी करने, मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बाइक चलाने और यातायात बाधित करने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी। डीजे और ध्वनि प्रदूषण नियमों का उल्लंघन करने पर भी कार्रवाई होगी।
थाना प्रभारी रघुराज सिंह ने बताया कि महाराणा प्रताप जयंती को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। किसी भी प्रकार से माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



