टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत संवेदीकरण कार्यशाला का आयोजन
टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत संवेदीकरण कार्यशाला का आयोजन
टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत संवेदीकरण कार्यशाला का आयोजन
हापुड़। भारत सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जनपद में लगातार जागरूकता एवं जनसहभागिता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को राजकीय महिला चिकित्सालय कोठी गेट सभागार में जिला क्षय रोग विभाग की ओर से एक संवेदीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राजेश सिंह ने की।
कार्यशाला में जनपद की नवनियुक्त आशा बहनों को क्षय रोग के लक्षण, जांच, उपचार एवं बचाव के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राजेश सिंह ने बताया कि आशा कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों, धूम्रपान करने वालों तथा कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित व्यक्तियों की बलगम जांच एवं एक्स-रे अवश्य कराएं, ताकि समय रहते टीबी की पहचान हो सके।
जिला पीपीएम कोऑर्डिनेटर सुशील चौधरी ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी, बुखार, बलगम आना, बलगम में खून आना, वजन कम होना या भूख कम लगने जैसी समस्याएं हों तो उसे तुरंत निकटवर्ती सरकारी अस्पताल में जांच करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि बीमारी की पुष्टि होने पर चिकित्सकों के निर्देशानुसार पूरा उपचार लेना बेहद आवश्यक है।
कार्यशाला में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश यादव, मुख्य ट्रेनर डॉ. सतीश डोभाल, चिकित्सा शिक्षा अधिकारी सत्य प्रकाश एवं शैलेन्द्र कुमार सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान आशा बहनों ने टीबी के प्रति लोगों को जागरूक करने और जनजागरण अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया।



