डीएम ने निर्माणाधीन पुलिस लाइन और गौशाला का किया निरीक्षण
गुणवत्ता और व्यवस्थाओं में लापरवाही पर दिखाई सख्ती, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश

डीएम ने निर्माणाधीन पुलिस लाइन और गौशाला का किया निरीक्षण
गुणवत्ता और व्यवस्थाओं में लापरवाही पर दिखाई सख्ती, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश
हापुड़। डीएम कविता मीना ने गुरुवार को बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में स्थित निर्माणाधीन पुलिस लाइन का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यदाई संस्था के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए तथा निर्माण सामग्री की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के बाद डीएम ने विकास खंड हापुड़ स्थित बृहद गो संरक्षण केंद्र भटेल का भी दौरा किया। गौशाला में वर्तमान में 494 नर गोवंश संरक्षित पाए गए। डीएम ने वहां उपलब्ध भूसा, हरा चारा और पशु आहार की व्यवस्था का निरीक्षण किया। पानी की चर में गंदगी मिलने पर संचालक को तत्काल सफाई कराने और चूने से पुताई कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने ग्राम प्रधान से हरे चारे की व्यवस्था के संबंध में जानकारी लेते हुए पशुओं को प्रतिदिन पर्याप्त मात्रा में हरा चारा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही गौशाला की व्हाइट वाशिंग और आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा कराने को कहा।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गोवंशों को समुचित पोषण, स्वच्छ पेयजल और गर्मी से बचाव के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने बायोगैस प्लांट को चालू कराने, साफ-सफाई व्यवस्था मजबूत करने और गोबर के शीघ्र निस्तारण के भी निर्देश दिए।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित करते हुए डीएम ने कहा कि जिले की सभी गौशालाओं में साफ-सफाई, हरा चारा, पंखे और टीन शेड जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी होनी चाहिए, ताकि भीषण गर्मी में गोवंशों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी हापुड़, ग्राम प्रधान भटेल सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।



