पिलखुवा के फर्नीचर गोदाम में भीषण आग, लाखों के नुकसान की आशंका
पिलखुवा के फर्नीचर गोदाम में भीषण आग, लाखों के नुकसान की आशंका

पिलखुवा के फर्नीचर गोदाम में भीषण आग, लाखों के नुकसान की आशंका

पिलखुवा। (अशोक कुमार) पिलखुवा के बजरंग पुरी क्षेत्र में गुरुवार को एक फर्नीचर गोदाम में अचानक लगी भीषण आग से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की ऊंची लपटें और घना धुआं दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
आग बुझाने के लिए धौलाना, पिलखुवा और हापुड़ से कई दमकल वाहन बुलाए गए। दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मेहनत के बाद आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास किया। बताया गया कि गोदाम मालिक हर्ष गोयल के यहां बड़ी मात्रा में लकड़ी का फर्नीचर और अन्य सामान रखा था, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई।
सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने क्षेत्र को घेर लिया और लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की सलाह दी। फिलहाल आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली, हालांकि लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।



