BUSINESSENTERTAINMENTHEALTHINTERNATIONALLIFESTYLENATIONALPOLITICSSPORTSUncategorized

प्रमुख समाजसेवी और टिंबर व्यापारी लूटकांड का पर्दाफाश,24 लाख रुपये, आभूषण, मोबाइल, बाइक और तमंचे बरामद

प्रमुख समाजसेवी और टिंबर व्यापारी लूटकांड का पर्दाफाश,24 लाख रुपये, आभूषण, मोबाइल, बाइक और तमंचे बरामद

चार महीने की रेकी, पुलिसकर्मी बना मास्टरमाइंड, टिंबर कारोबारी लूटकांड का पर्दाफाश

– मुठभेड़ के बाद पांच बदमाश गिरफ्तार, दो को लगी गोली

– सीतापुर पुलिस लाइन में तैनात सिपाही निकला साजिश का सूत्रधार

– सवा किलो सोना, लाखों की नकदी लूटने वाले गिरोह का भंडाफोड़

– 24 लाख रुपये, आभूषण, मोबाइल, बाइक और तमंचे बरामद

नाइन न्यूज नेटवर्क, हापुड़।

देहात थाना क्षेत्र की गिरधारीपुर कॉलोनी में एक जून को टिंबर कारोबारी नरेंद्र अग्रवाल के घर हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। चार महीने तक रेकी करने के बाद सात बदमाशों के गिरोह ने हथियारों के बल पर घर में घुसकर सवा किलो सोना, लाखों रुपये की नकदी, मोबाइल और अन्य कीमती सामान लूट लिया था। घटना के बाद छह पुलिस टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी थीं। सोमवार को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस जांच में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि पूरे षड्यंत्र का मास्टरमाइंड सीतापुर पुलिस लाइन में तैनात एक सिपाही निकला। पुलिस के अनुसार गिरोह को कारोबारी के घर की अंदरूनी जानकारी उसी तक पहुंचाई गई थी, जिसके बाद लूट की योजना तैयार की गई।

 

 

चिनाई मिस्त्री के बेटे ने खोला घर का राज –

जांच में सामने आया कि कारोबारी के घर पर सतपाल नाम का व्यक्ति चिनाई का काम करता था। उसके बेटे टिंकू का घर पर आना-जाना था। पुलिस के मुताबिक टिंकू ने ही घर की गतिविधियों, परिवार की दिनचर्या और संपत्ति की जानकारी जुटाकर अपने साथियों तक पहुंचाई। इसके बाद कई बार रेकी की गई और लूट की साजिश को अंतिम रूप दिया गया।

वारदात के दिन चार बदमाश घर में घुसे, जबकि एक आरोपी बाहर निगरानी करता रहा। हथियारों के बल पर परिवार को कब्जे में लेकर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। इसके बाद सभी आरोपी मुरादाबाद की ओर फरार हो गए।

…………

जेल की दोस्ती से बना लूट का गैंग –

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार बदमाशों ने बताया कि रोहित सागर और श्याम की दोस्ती मुरादाबाद जेल में हुई थी। जेल से बाहर आने के बाद दोनों लगातार संपर्क में रहे। बाद में गुड्डू आलम और अन्य लोगों को भी गिरोह में शामिल किया गया। इसी नेटवर्क के जरिए पूरी वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस के अनुसार, सीतापुर में तैनात सिपाही विक्की गौतम भी पहले एक मामले में जेल जा चुका था। वहीं उसकी मुलाकात गिरोह के अन्य सदस्यों से हुई थी। जेल से निकलने के बाद सभी ने मिलकर कारोबारी को निशाना बनाने की योजना बनाई।

मुठभेड़ में दो बदमाश घायल

पुलिस की कार्रवाई के दौरान बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें संभल निवासी साहिबे आलम और मुरादाबाद निवासी रोहित सागर पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने साहिबे आलम, टिंकू, रोहित सागर, गुड्डू आलम और विक्की गौतम को गिरफ्तार किया है। गिरोह के दो सदस्य श्याम और मोहित अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

……….

24 लाख नकद और लूटा गया माल बरामद –

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 24 लाख रुपये की नकदी, पांच मोबाइल फोन, सोने-चांदी के आभूषण, दो मोटरसाइकिल, चार तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस का दावा है कि घटना में लूटी गई ज्वेलरी की शत-प्रतिशत बरामदगी कर ली गई है। नकदी का कुछ हिस्सा अभी बरामद होना बाकी है।

………….

फरार दो बदमाशों की तलाश जारी –

पुलिस के अनुसार गिरोह में कुल सात लोग शामिल थे। पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि दो आरोपी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

……………

पुलिसकर्मी की भूमिका से उठे सवाल –

लूटकांड में पुलिस विभाग के ही एक सिपाही का नाम सामने आने के बाद विभाग में भी हलचल मच गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी सिपाही पहले से निलंबित चल रहा था और अब उसके खिलाफ बर्खास्तगी की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। मामले ने पुलिस विभाग की छवि पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

………..

एसपी बोले, बाकी रकम संग जल्द पकड़े जाएंगे अन्य आरोपी –

पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि गिरधारीपुर लूटकांड का सफल खुलासा कर दिया गया है। मुठभेड़ के बाद पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। लूटी गई ज्वेलरी की पूरी बरामदगी हो चुकी है और 24 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। दो आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। शेष रकम की बरामदगी और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द कर ली जाएगी। एसपी ने खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार का नकद इनाम दिया।

 

………………

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button