मोबाइल के सहारे पुलिस की नौकरी का सपना, पहुंच गया जेल,अंडरवियर में छिपाकर लाया था मोबाइल फोन
मोबाइल के सहारे पुलिस की नौकरी का सपना, पहुंच गया जेल,अंडरवियर में छिपाकर लाया था मोबाइल फोन

मोबाइल के सहारे पुलिस की नौकरी का सपना, पहुंच गया जेल
– पुलिस भर्ती परीक्षा में नकल की साजिश का पर्दाफाश
– अंडरवियर में छिपाकर लाया था मोबाइल फोन
– सुरक्षा चूक पर दो दरोगा समेत छह पुलिसकर्मी निलंबित
नाइन न्यूज नेटवर्क, पिलखुवा।
उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा में सफल होकर वर्दी पहनने का सपना लेकर परीक्षा केंद्र पहुंचा एक अभ्यर्थी नकल की कोशिश में ऐसा फंसा कि अब उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया है। मामला रेलवे रोड स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज का है, जहां प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक उजागर हुई।
अमरोहा के रफातपुरा निवासी सचिन अनुक्रमांक 4500701221 के साथ परीक्षा देने पहुंचा था। आरोप है कि वह मोबाइल फोन को अंडरवियर में छिपाकर परीक्षा केंद्र के भीतर ले गया। परीक्षा शुरू होने से पहले उसने मोबाइल को पुरुष शौचालय में छिपा दिया। कुछ देर बाद वह लघुशंका का बहाना बनाकर शौचालय पहुंचा और मोबाइल का उपयोग करने लगा।
काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर कर्मचारियों को संदेह हुआ। जांच कराई गई तो उसके पास से मोबाइल बरामद हो गया। पूछताछ में पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो गया। केंद्र प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम-2024 की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच में चेकिंग और
शारीरिक तलाशी के दौरान ड्यूटी में गंभीर लापरवाही भी सामने आई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक कुँवर ज्ञानंजय सिंह ने दो उपनिरीक्षकों सहित छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि परीक्षा की निष्पक्षता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है और आगे भी की जाएगी।
…………..



